Menu
blogid : 1006 postid : 1123363

नवभारत का सृजन करो

Amita's blog
Amita's blog
  • 36 Posts
  • 146 Comments

उठो युवाओं ,माँ की खातिर पुनः कर्तव्यो का मनन करो |
नवचेतना, नवशक्ति से तुम,नवभारत का स्वयं सृजन करो ||

आजाद तिरंगा लहराया,किन्तु गुलामी से न मुक्ति पाई |
भ्रष्टाचार और भ्रष्ट राजनीति ने, देश की क्या दुर्गति कराई ||
संकल्पो की मशाल जला लो, देश उत्थान का जतन करो |
उठो युवाओं, माँ की खातिर पुनः कर्तव्यो का मनन करो ||

मिली आजादी, शहीदों के त्याग की गाथा भूल गए |
पथभ्रमित हुए ,देशवासियों की दुःख-व्यथा को भूल गए ||
स्वर्णिम अतीत के ज्ञान-दीप से, आलोकितअपना वतन करो |
उठो युवाओं, माँ की खातिर कर्तव्यो का मनन करो ||

किलकारी कहाँ अब? “मत मारो” की, कोख से आती करुण पुकार |
पापियो की कुटिल दृष्टि से , नारी की गरिमा होती शर्मसार ||
बनकर मानव इस धरती से दानवता का हनन करो |
उठो युवाओं, माँ की खातिर पुनः कर्तव्यो का मनन करो ||

स्वर्ण-प्रसूता धरती का किसान हुआ कंगाल है |
उन्नत भारत का अन्नदाता, भूखा और बेहाल है |
फटती छाती बेबस माँ की, त्वरित कोई निदान करो |
उठो युवाओं माँ की खातिर पुनः कर्तव्यो का मनन करो ||

भिन्न धर्म, भाषा व जाति, परस्पर हम सब एक है |
संचय संस्कारो का ह्रदय मे, प्रेम-सौहार्द्र का समावेश है ||
असहिष्णुता के अनर्गल आलापों से न संस्कृति का अपमान करो |
उठो युवाओं माँ की खातिर पुनः कर्तव्यो का मनन करो ||

सर्वधर्म समभाव भूल गए, विस्मृत माटी के उपकार है |
ज्ञान के मंदिर से आती कैसे ? कलुषता की चीत्कार है ||
राष्ट्रहित सर्वोपरि भावना से , मन मानस को चेतन करो ||
उठो युवाओ माँ की खातिर पुनः कर्तव्यो का मनन करो |

समस्याओं से डर कर तुम्हारे ,कदम कही न डिगने पाये |
शिवाजी,राणा के वंशज, भला कैसे कायर कहलायें ||
जनकल्याण का व्रत उठा लो, सेवा भाव को नमन करो |
उठो युवाओं, माँ की खातिर पुनः कर्तव्यो का मनन करो |

विश्वश्रेष्ठ पुरातन संस्कृति की अनमोल विरासत तुम्हे मिली |
तुम्हारे मस्तक पर शोभित है, कितने महापुरुषों की चरण-धूलि ||
देश सभी का सब मिल सोचो ,उत्साहित हो आह्वान करो |
उठो युवाओं माँ की खातिर पुनः कर्तव्यो का मनन करो ||

निष्ठा प्रबल देश-प्रेम की हिय मे, लक्ष्य केंद्रित साधना हो |
निर्भीक कदम धरो सृजन मार्ग पर, सर्वत्र भारत माँ की आराधना हो ||
हे शक्तिपुंज युवाओं उठो , आत्मशक्ति का अभिज्ञान करो |
उठो युवाओं माँ की खातिर पुनः कर्तव्यो का मनन करो ||

उठो युवाओं, माँ की खातिर पुनः कर्तव्यो का मनन करो |
नवचेतना, नवशक्ति से तुम नवभारत का स्वयं सृजन करो ||
– अमिता श्रीवास्तव
अमिता श्रीवास्तव
जी -20
पार्श्वनाथ एडेन्स
अल्फा -2
ग्रेटर -नॉएडा
उत्तर -प्रदेश

Read Comments

    Post a comment

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    CAPTCHA
    Refresh